
जेम्स कैमरून की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ ने रिलीज के महज 17 दिनों में ही वर्ल्डवाइड 1 बिलियन डॉलर की कमाई कर इतिहास रच दिया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली यह साल 2025 की चौथी फिल्म बन गई है। खास बात यह है कि यह कारनामा जेम्स कैमरून के करियर की भी चौथी फिल्म ने किया है।
‘धुरंधर’ से 695 फीसदी ज्यादा कारोबार
भारतीय सिनेमा में जहां रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ की 31 दिनों में 1201 करोड़ रुपये की वर्ल्डवाइड कमाई चर्चा में है, वहीं ‘अवतार 3’ ने सिर्फ 17 दिनों में लगभग 9550 करोड़ रुपये का ग्लोबल ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। आंकड़ों के लिहाज से यह कमाई ‘धुरंधर’ से करीब 695 फीसदी अधिक बताई जा रही है।
साल की 60वीं फिल्म जिसने पार किया $1 बिलियन का आंकड़ा
‘अवतार फायर एंड ऐश’ अब तक के सिनेमा इतिहास में 60वीं फिल्म बन गई है, जिसने 1 बिलियन डॉलर क्लब में एंट्री ली है। इतना ही नहीं, यह दुनिया की उन 10 फिल्मों में शामिल हो गई है, जिन्होंने सबसे तेज रफ्तार में यह मुकाम हासिल किया है।
भारत में भी दिखा अवतार का जलवा
Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ की मजबूत मौजूदगी के बावजूद ‘अवतार 3’ ने शानदार प्रदर्शन किया है। फिल्म ने 17 दिनों में भारत में 174 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। रविवार को इसने अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम वर्जन मिलाकर 5.25 करोड़ रुपये का बिजनेस किया।
ओवरसीज मार्केट में 6318 करोड़ रुपये की कमाई
फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने 15 दिनों में नॉर्थ अमेरिका में 300 मिलियन डॉलर (करीब 2707 करोड़ रुपये) और इंटरनेशनल मार्केट से 700 मिलियन डॉलर (लगभग 6318 करोड़ रुपये) की कमाई कर ली है। हालांकि, इसकी रफ्तार फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्म ‘अवतार: द वे ऑफ वॉटर’ से थोड़ी धीमी बताई जा रही है।
Read Also – लाल सलवार सूट में दिखे गोविंदा, फैंस ने कहा आंटी नंबर वन पार्ट-2 बना दो
‘जूटोपिया 2’ से कड़ी टक्कर
ओवरसीज मार्केट में ‘अवतार 3’ की सीधी टक्कर एनिमेटेड ब्लॉकबस्टर ‘जूटोपिया 2’ से है, जो पहले ही वर्ल्डवाइड 1.5 बिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर चुकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि ‘अवतार फायर एंड ऐश’ जल्द ही 1.1 बिलियन डॉलर के करीब पहुंच सकती है।
कैमरून की फिल्मों का सुनहरा रिकॉर्ड
‘अवतार 3’ की सफलता के साथ जेम्स कैमरून ने अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली है। इससे पहले ‘टाइटैनिक’, ‘अवतार’ और ‘अवतार: द वे ऑफ वॉटर’ भी 1 बिलियन डॉलर क्लब में शामिल हो चुकी हैं। इनमें ‘टाइटैनिक’ और पहली ‘अवतार’ आज भी दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शुमार हैं।
Read Also – कौन है अमिताभ बच्चन की पड़ोसन, हाथ जोड़कर हुई इंस्टाग्राम पर वायरल
