
दिवाली सेलिब्रेशन और यश का बड़ा खुलासा
रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर फैंस का इंतजार अब खत्म होने वाला है। फिल्म के को-प्रोड्यूसर और ‘रावण’ की भूमिका निभा रहे सुपरस्टार यश ने अंतरराष्ट्रीय मंच सिनेमाकॉन 2026 में फिल्म की रिलीज डेट से पर्दा उठा दिया है। यश के अनुसार, टीम इस फिल्म को अक्टूबर 2026 के आखिरी हफ्ते में रिलीज करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। मेकर्स चाहते हैं कि रामायण की कहानी को दिवाली के पावन उत्सव के साथ जोड़ा जाए, ताकि दर्शकों को त्योहार के दौरान सिनेमाघरों में एक भव्य और आध्यात्मिक अनुभव मिल सके।
छुट्टियों का गणित और बॉक्स ऑफिस का महा-स्पेस
अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में रिलीज होने से फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर करीब 12 से 15 दिनों का एक ‘क्लीन विंडो’ मिल रहा है। अक्टूबर के अंत में रिलीज होने के बाद, नवंबर की शुरुआत से ही धनतेरस, दिवाली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज की लगातार छुट्टियां शुरू हो जाएंगी। यह रिलीज डेट फिल्म के लिए न केवल पहले वीकेंड पर भीड़ जुटाएगी, बल्कि दूसरे हफ्ते के कार्यदिवसों (वर्किंग डेज) में भी त्योहार के मूड के कारण कमाई को गिरने नहीं देगी। यदि फिल्म जनता को पसंद आती है, तो यह रिलीज डेट ‘रामायण’ को भारतीय सिनेमा के तमाम पुराने रिकॉर्ड्स तोड़ने में मदद कर सकती है।
अक्टूबर में दो-दो ‘रामायण’ का अनोखा पंगा
भले ही रणबीर और यश की फिल्म के लिए राह आसान लग रही हो, लेकिन इसमें एक छोटा सा रिस्क भी छिपा है। नमित मल्होत्रा की इस मेगा-बजट फिल्म से ठीक पहले, 2 अक्टूबर को नेशनल अवॉर्ड विनिंग डायरेक्टर भावना तलवार की ‘वाल्मीकि रामायण’ भी थिएटर्स में आने की तैयारी कर रही है। हालांकि भावना तलवार की फिल्म के स्केल और स्टारकास्ट को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है, लेकिन एक ही महीने में एक ही विषय (रामायण) पर दो फिल्में आने से दर्शकों के बीच थोड़ी ‘विषयगत ऊब’ पैदा होने का खतरा हो सकता है।
’राम भरोसे’ रहेगा अक्टूबर का फिल्म बिजनेस
रणबीर की रामायण की रिलीज डेट में देरी और अनिश्चितता के कारण बॉलीवुड के अन्य फिल्मकारों ने भी अक्टूबर के महीने में बड़ी फिल्में रिलीज करने से परहेज किया है। फिलहाल 2 अक्टूबर को ‘दृश्यम 3’ और ‘वाल्मीकि रामायण’ के अलावा पूरे महीने कोई बड़ी फिल्म शेड्यूल नहीं है। ऐसे में अक्टूबर की शुरुआत भले ही अजय देवगन की थ्रिलर से हो, लेकिन पूरा महीना बॉक्स ऑफिस पर ‘राम’ के नाम ही रहने वाला है। अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि क्या रणबीर कपूर की रामायण दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरकर बॉक्स ऑफिस का नया इतिहास रच पाएगी।
