
इंटरव्यू में ‘इंशाअल्लाह’ और वायरल वीडियो
हॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री ऐनी हैथवे इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘द डेविल वियर्स पराडा 2’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं, लेकिन इसी बीच वे अपनी धार्मिक आस्था को लेकर चर्चा का केंद्र बन गई हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने इस्लामिक शब्द ‘इंशाअल्लाह’ का इस्तेमाल किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गया। इस शब्द के सहज इस्तेमाल ने न केवल उनके मुस्लिम प्रशंसकों का दिल जीता, बल्कि नेटिजन्स के बीच यह जिज्ञासा भी पैदा कर दी कि क्या ऐनी की रुचि इस्लाम धर्म की ओर बढ़ रही है।
लंदन प्रीमियर पर ‘कुरान’ का तोहफा
‘इंशाअल्लाह’ वाले वीडियो के वायरल होने के बाद, फिल्म के लंदन प्रीमियर पर एक अनोखा नजारा देखने को मिला। यहाँ एक फैन ने ऐनी हैथवे को इस्लाम की पवित्र किताब ‘कुरान’ भेंट की। फैन ने एक्ट्रेस से कहा कि उनका पिछला वीडियो देखकर वह काफी प्रभावित हुआ और उनके लिए यह तोहफा लाया है। ऐनी ने भी पूरी विनम्रता और मुस्कुराहट के साथ इस गिफ्ट को स्वीकार किया और फैन का धन्यवाद किया। इस घटना के बाद से ही सोशल मीडिया पर उनके धर्म परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई हैं।
धर्म और निजी मान्यताओं पर बहस
ऐनी हैथवे को कुरान मिलने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स दो गुटों में बंट गए हैं। कुछ लोग इसे उनकी नई धार्मिक यात्रा की शुरुआत मान रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स इसे केवल एक प्रशंसक का प्यार बता रहे हैं। गौरतलब है कि ऐनी की परवरिश कैथोलिक माहौल में हुई थी, लेकिन उन्होंने पहले ही स्पष्ट किया था कि उन्होंने अपने भाई (जो गे हैं) के प्रति चर्च के कड़े रवैये के कारण कैथोलिक धर्म छोड़ दिया था। ऐसे में कई यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि क्या वे वास्तव में किसी नए धर्म की ओर कदम बढ़ाएंगी या यह केवल एक शिष्टाचार था।
’द डेविल वियर्स पराडा 2′ की रिलीज और क्रेज
धार्मिक चर्चाओं के बीच, ऐनी की फिल्म ‘द डेविल वियर्स पराडा 2’ को लेकर भी दर्शकों में भारी उत्साह है। मेरिल स्ट्रीप और एमिली ब्लंट के साथ ऐनी एक बार फिर पर्दे पर वापसी कर रही हैं। यह फिल्म 1 मई 2026 को रिलीज होने वाली है और शुरुआती रिव्यूज में इसे काफी सराहा जा रहा है। पहला पार्ट आज भी एक ‘आइकॉनिक’ फिल्म माना जाता है, इसलिए इस सीक्वल से फैंस को काफी उम्मीदें हैं। अब देखना यह होगा कि फिल्म के साथ-साथ ऐनी की निजी जिंदगी से जुड़ी ये अफवाहें क्या मोड़ लेती हैं।
