
राजस्थान की राजधानी जयपुर में बावरिया गैंग की ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ तंत्र-विद्या और गड़े हुए धन का लालच देकर एक व्यक्ति से लाखों रुपये ऐंठ लिए गए। करधनी थाना इलाके के रहने वाले हिम्मत सिंह चौहान इस धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं। ठगों ने उनके मन में यह विश्वास जगाया कि उनके घर के आंगन के नीचे भारी मात्रा में सोना दबा हुआ है, जिसे केवल विशेष पूजा-पाठ और तांत्रिक क्रियाओं के जरिए ही निकाला जा सकता है।
घटना के विवरण के अनुसार, शक्ति सिंह उर्फ रोशन बावरिया नाम के आरोपी ने पीड़ित को अपने जाल में फंसाया। आरोपी ने खुद को तंत्र-मंत्र का जानकार बताते हुए दावा किया कि वह जमीन के भीतर छिपे सोने को बाहर निकाल सकता है। इस लंबी और फर्जी पूजा प्रक्रिया के नाम पर आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में पीड़ित से कुल 21.25 लाख रुपये वसूले। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी कोई सोना नहीं मिला और आरोपी पैसे लेकर फरार हो गया, तब पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ।
Read Also – सावधान! घर के आंगन से ‘गड़ा सोना’ निकालने के चक्कर में गंवाए 21 लाख, जयपुर में बावरिया गैंग का बड़ा खेल
करधनी थाना पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। एएसआई भूपेंद्र सिंह को इस केस की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बावरिया गैंग के सदस्य अक्सर इसी तरह के हथकंडे अपनाकर भोले-भले लोगों को अपना निशाना बनाते हैं। ये अपराधी खुद को तांत्रिक बताकर लोगों की धार्मिक भावनाओं और लालच का फायदा उठाते हैं और पूजा सामग्री या अन्य बहानों से मोटी रकम ऐंठ लेते हैं।
इस घटना के बाद जयपुर पुलिस ने आम जनता के लिए एक चेतावनी जारी की है। पुलिस ने अपील की है कि लोग ‘गड़े हुए धन’ या ‘रातों-रात अमीर बनने’ जैसे किसी भी अंधविश्वास और प्रलोभन के झांसे में न आएं। राजधानी में इस तरह की कई सक्रिय गैंग घूम रही हैं, जिनमें से बावरिया गैंग के सदस्यों पर पहले से ही दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम अब फरार आरोपियों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।
