
देर रात रणक्षेत्र बना महेश नगर
राजस्थान की राजधानी जयपुर के महेश नगर इलाके में रविवार देर रात शराब की दुकान को लेकर उपजा विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। केके फैक्ट्री के पास स्थित एक शराब ठेके के बाहर स्थानीय लोगों और ठेका संचालकों के बीच जमकर कहासुनी हुई, जिसने कुछ ही देर में पथराव और आगजनी का रूप ले लिया। उग्र भीड़ ने वहां खड़ी एक स्कॉर्पियो गाड़ी के शीशे चकनाचूर कर दिए और एक दुपहिया वाहन (स्कूटी) को आग के हवाले कर दिया। इस अचानक हुए उपद्रव से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और राहगीरों ने जान बचाने के लिए इधर-बदल भागना शुरू कर दिया।
8 बजे के बाद शराब बिक्री पर फूटा गुस्सा
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सरकार द्वारा निर्धारित समय सीमा यानी रात 8 बजे के बाद भी इस ठेके पर धड़ल्ले से शराब की अवैध बिक्री जारी रहती है। इसके कारण कॉलोनी के मुख्य रास्तों पर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे महिलाओं और बच्चों का निकलना दूभर हो गया है। रविवार रात करीब 10:30 बजे जब कॉलोनीवासियों ने इसी बात का विरोध जताया, तो ठेका संचालक पक्ष ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला बेकाबू हो गया।
पुलिस की मौजूदगी में आगजनी और बवाल
सूचना मिलते ही महेश नगर थाना पुलिस भारी जाप्ते के साथ मौके पर पहुँची, लेकिन तब तक उपद्रवी वाहनों को निशाना बना चुके थे। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने स्कूटी में आग लगा दी, जिसे बाद में दमकल और पुलिसकर्मियों की मदद से बुझाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, माहौल इतना तनावपूर्ण था कि पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया गया ताकि यातायात सुचारू किया जा सके।
एक दर्जन हिरासत में, जांच जारी
इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए जयपुर पुलिस ने उपद्रव और शांति भंग करने के आरोप में करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य दंगाइयों की पहचान कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, शराब ठेके पर समय के बाद बिक्री के आरोपों की भी आबकारी विभाग के माध्यम से जांच करवाई जाएगी। फिलहाल इलाके में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि दोबारा किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।
