
राजस्थान राज्य सहकारी बैंक (RSCB/अपेक्स बैंक) में प्रबंध निदेशक के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद रणजीतसिंह चुंडावत का अभिनंदन करने का सिलसिला शुरू हो गया है। आज शनिवार, 3 जनवरी 2026 को राजस्थान सहकारिता सेवा (RCS) के अतिरिक्त रजिस्ट्रार स्तर के अधिकारी और नवनियुक्त एमडी चुंडावत से सहकार नेता सूरजभानसिंह आमेरा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। जयपुर स्थित बैंक मुख्यालय में आयोजित इस भेंट के दौरान अधिकारियों और कर्मचारी यूनियन के सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई दी।
इस मुलाकात के दौरान ऑल राजस्थान को-ऑपरेटिव बैंक एम्पलाइज यूनियन एवं ऑफिसर्स एसोसिएशन के महासचिव सूरजभानसिंह आमेरा ने बैंक की भविष्य की कार्ययोजनाओं पर चर्चा की। आमेरा ने संगठन की ओर से अपेक्स बैंक की कार्य संस्कृति को और अधिक कुशल बनाने, अल्पकालीन सहकारी साख व्यवस्था को मजबूत करने और राज्य के केंद्रीय सहकारी बैंकों (CCB) व ग्राम सेवा सहकारी समितियों (PACS) की समृद्धि के लिए हरसंभव सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुंडावत के नेतृत्व में बैंक एक नोडल संस्थान के रूप में अपनी भूमिका को अधिक प्रभावी ढंग से निभा पाएगा।
Read Also – सावधान! घर के आंगन से ‘गड़ा सोना’ निकालने के चक्कर में गंवाए 21 लाख, जयपुर में बावरिया गैंग का बड़ा खेल
प्रतिनिधिमंडल में राकेश कुमार गुर्जर, प्रमोदसिंह चौहान, दीपकसिंह जादोन, सौरभ, राजेश कुमार, पलाश कोचर, दिलीपसिंह जादम, सर्वेश कुमार चौधरी, अमित शर्मा और हेमा मंगलानी सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे। सभी सदस्यों ने एक स्वर में बैंक की कारोबारी प्रगति और कार्मिकों के हितों की रक्षा के लिए एमडी के साथ मिलकर ‘सहकार टीम भावना’ से काम करने का संकल्प लिया।
मुलाकात के उपरांत प्रबंध निदेशक रणजीतसिंह चुंडावत ने भी संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का भरोसा दिलाया। उन्होंने ‘सहकारिता से समृद्धि’ के मूल मंत्र को दोहराते हुए कहा कि अपेक्स बैंक में अनुशासित कार्य संस्कृति, बैंकिंग सेवाओं में आधुनिक सुधार और सीसीबी एवं पैक्स के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक के विकास और सहकारी आंदोलन की मजबूती के लिए पूरी टीम को एकजुट होकर काम करने की आवश्यकता है, जिससे अंतिम छोर तक जुड़े किसानों और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
